मालदा, 27 अगस्त (भाषा) राज्य सरकार द्वारा संचालित मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने अगस्त में संस्थान में ‘‘कम से कम 70 शिशुओं’’ की मौत के संबंध में पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग को बृहस्पतिवार को विस्तृत रिपोर्ट भेजी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रसेनजीत बार ने यह जानकारी दी।
बार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से पुष्टि की कि अगस्त में अस्पताल में ‘‘कम से कम 70 नवजात और एक वर्ष से कम उम्र के शिशुओं की मौत’’ हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने हमसे रिपोर्ट मांगी थी। हमने पहले प्रारंभिक रिपोर्ट भेजी थी। आज विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई।’’
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में कहा गया है कि अगस्त में जिन 70 शिशुओं की मौत हुई, उनमें से अधिकतर शिशु ऐसे थे जिनका जन्म कहीं और हुआ था और हालत बिगड़ने के बाद उन्हें उच्चस्तरीय उपचार के लिए इस अस्पताल भेजा गया था।
तृणमूल कांग्रेस ने इन मौतों के लिए भाजपा प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
पार्टी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘क्या स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा देंगे या जवाबदेही पश्चिम बंगाल में भाजपा की शासन व्यवस्था का हिस्सा ही नहीं है?’’
भाषा
सिम्मी सुभाष
सुभाष