कानपुर/नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में बृहस्पतिवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक प्रशिक्षु पायलट समेत दो लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गंगा के किनारे नाथपुरवा गांव के पास इटली निर्मित ‘टेक्नम’ प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उस पर सवार गुजरात निवासी प्रशिक्षक सचिन भाटिया और कर्नाटक के प्रशिक्षु पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गयी।
लाल ने बताया कि ‘गर्ग एविएशन’ द्वारा संचालित इस विमान ने पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरी थी और लगभग 20 मिनट के बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि भाटिया को करीब तीन हजार घंटे उड़ान भरने का अनुभव था।
लाल ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच के लिए सबूत सुरक्षित रखने के मकसद से मलबे को कब्जे में ले लिया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, कानपुर में हुए विमान हादसे की जांच विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) करेगा।
मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के तीन अधिकारियों की एक टीम आवश्यक नियामक निगरानी और तालमेल के लिए दुर्घटना स्थल का दौरा करेगी
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक एएआईबी को जानकारी दे दी गई है और वह नियमानुसार इस दुर्घटना की विस्तृत जांच करेगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुए विमान की उड़ने की क्षमता, रखरखाव के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।
पुलिस आयुक्त लाल ने कहा कि डीजीसीए की टीम द्वारा जल्द ही तकनीकी जांच किए जाने की संभावना है। टीम यह पता लगाएगी कि क्या यह दुर्घटना तकनीकी कारण से हुई या मानवीय गलती से।
उन्होंने कहा, “इसमें कई तरह की संभावनाएं हो सकती हैं। इसमें तकनीकी त्रुटि हो सकती है या हवा में प्रशिक्षण के दौरान विमान का संचालन अपने हाथ में लेते समय मानवीय त्रुटि।”
उन्होंने कहा कि टीम उस विमान की आयु, उड़ान के घंटे और रखरखाव संबंधी रिकॉर्ड का परीक्षण करेगी।
पुलिस आयुक्त लाल, अपर पुलिस आयुक्त विपिन टाडा और संकल्प शर्मा एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे।
लाल ने कहा कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और चिकित्सकों के एक पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।
लाल ने कहा कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके जल्द ही कानपुर पहुंचने की संभावना है। गर्ग एविएशन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
स्थानीय स्तर पर, विमान दुर्घटना की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (कर्नलगंज) आकांक्षा पांडेय को सौंपी गई है जो प्रारंभिक जांच करेंगी और डीजीसीए से समन्वय स्थापित करेंगी।
दुर्घटनास्थल के एक कथित वायरल वीडियो में विमान का मलबा आसपास बिखरा नजर आ रहा है और मलबे के बाहर एक सीट भी देखी गयी।
सूत्रों के मुताबिक, यह विमान वर्ष 2023 से 'गर्ग एविएशन' के पास था और कंपनी का दावा है कि उसका सही तरीके से रखरखाव किया गया था।
भाषा सं. सलीम राजेंद्र शफीक
शफीक