Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद ओडिशा मूल के अनिवासी भारतीय दंपति लापता: अधिकारी

भुवनेश्वर/बारीपदा, 27 अगस्त (भाषा) नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद लापता हुए ओडिशा मूल के अप्रवासी भारतीय पति-पत्नी का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नेपाल में संकट में फंसे ओडिया लोगों की मदद के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी प्रीतिश पांडा ने बताया कि खुर्दा जिले के मूल निवासी संदीप मोहापात्रा और उनकी पत्नी सिद्धार्थी कुमारी साहू 2018 से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं।

नेपाल में अचानक बाढ़ आने के बाद से दोनों का पता नहीं चल पा रहा है।

पांडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफल नहीं हो पाए हैं। उनके मोबाइल फोन बंद मिले हैं।’’

दंपति 22 अगस्त को घूमने के लिए ऑस्ट्रेलिया से नेपाल पहुंचा था।

संदीप के भाई स्वरूप मोहापात्रा ने बताया कि संदीप ने 25 अगस्त की शाम तिब्बत सीमा के पास बस से यात्रा करते समय खुर्दा में अपने परिवार से बात की थी।

स्वरूप ने कहा, ‘‘हमें 26 अगस्त को हुई तबाही की जानकारी मिली और तब से हम अपने भाई और भाभी से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि दंपति का एक बेटा ओडिशा में रहता है।

स्वरूप ने ओडिशा और केंद्र सरकार के साथ-साथ नेपाल के अधिकारियों से उनके भाई एवं भाभी का पता लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके सुरक्षित लौटने के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं।’’ दंपति के अलावा, नेपाल की यात्रा पर गई भुवनेश्वर की एक फुटबॉल टीम में शामिल खिलाड़ियों के परिजनों ने भी अधिकारियों से संपर्क किया है।

पांडा ने बताया, ‘‘बुधवार को खिलाड़ियों के मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनके परिजन परेशान थे। आज (बृहस्पतिवार को) हमने उनके कोच से संपर्क किया। वे सुरक्षित हैं।’’

उन्होंने बताया कि फुटबॉल खिलाड़ी और उनके कोच पोखरा में हैं, जो बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से करीब 200 किलोमीटर दूर है।

अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ओडिशा के खेल मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा, ‘‘फुटबॉल खिलाड़ी सुरक्षित हैं और वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नहीं हैं। टीम की सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है।’’

नोडल अधिकारी ने विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि पुरी निवासी राकेश रंजन पांडा और उनके दो सहयोगी बृहस्पतिवार सुबह भारत लौट आए।

उन्होंने बताया कि ये तीनों लोग बुधवार को नेपाल में थे।

इस बीच, मयूरभंज जिले के बारीपदा की एक महिला ने संवाददाताओं को बताया कि वह अपनी 21 वर्षीय बहन कुलसुम निगारा से संपर्क नहीं कर पा रही है, जो 22 अगस्त को नेपाल गई थी।

कुलसुम की बड़ी बहन ने कहा, ‘‘कुलसुम निगारा 22 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए बिहार सीमा के रास्ते नेपाल गई थी। 12 सदस्यीय दल 25 अगस्त को पोखरा क्षेत्र में था और उसी दिन ट्रैकिंग पर गया था। अचानक बाढ़ आने के बाद से हम कुलसुम और उसके दोस्तों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।’’

भाषा जितेंद्र सिम्मी

सिम्मी