Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

केएमसी के अधिकारियों ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से होर्डिंग हटाया

कोलकाता, 27 अगस्त (भाषा) कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय की छत से एक ‘‘अनधिकृत’’ होर्डिंग हटा दिया तथा इस दौरान उनके निजी सुरक्षाकर्मियों और पार्टी समर्थकों ने पुलिस तथा नगर निगम के कर्मचारियों को परिसर में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की।

लोकसभा सदस्य बनर्जी की केएमसी अधिकारियों के साथ बहस भी हुई। उन्होंने इस कार्रवाई को ‘‘मनमानी’’ बताते हुए आरोप लगाया कि यह उनकी पार्टी को निशाना बनाने की कोशिश है।

अधिकारियों ने बताया कि मध्य कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट इलाके में बनर्जी के कार्यालय की छत पर लगा तृणमूल कांग्रेस के चिह्न वाला होर्डिंग कथित तौर पर अवैध था और उसे हटाया जाना था।

तृणमूल कांग्रेस ने हालांकि आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी होर्डिंग हटाने की अनुमति देने वाला उचित नोटिस दिखाने में विफल रहे और जबरन कार्यालय परिसर में घुस गए।

जब पुलिस के साथ केएमसी की टीम होर्डिंग हटाने के लिए बनर्जी के कार्यालय पहुंची, तो उनके निजी सुरक्षाकर्मियों ने टीम को परिसर में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की।

तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों और डायमंड हार्बर से सांसद के निजी सुरक्षाकर्मियों की पुलिस तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन भी मौके पर मौजूद थे।

बनर्जी ने नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस की कार्रवाई को ‘‘पूरी तरह गुंडागर्दी’’ करार दिया और कहा कि यह निजी संपत्ति में अवैध रूप से घुसने के बराबर है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे होर्डिंग हटाने के लिए उचित आदेश प्रस्तुत करने में विफल रहे। वे उस शिकायत का विवरण भी प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके आधार पर केएमसी कथित कार्रवाई कर रहा था।”

बनर्जी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी दल के खिलाफ प्रशासनिक शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके तृणमूल कांग्रेस को खत्म नहीं कर सकते। तृणमूल कांग्रेस जमीनी स्तर की पार्टी है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए अनुमति नहीं देकर और उसके बैंक खातों पर रोक लगाकर पार्टी का “गला घोंटने” की कोशिश की जा रही है।

आपत्तियों के बावजूद, केएमसी के अधिकारी आखिरकार छत पर पहुंच गए और उन्होंने होर्डिंग हटा दिया।

भाषा

देवेंद्र सिम्मी

सिम्मी