Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

गर्भवती महिला पुलिस कांस्टेबल पर लोहे की रॉड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु, 27 अगस्त (भाषा) बेंगलुरु सिटी रेलवे पुलिस थाने में चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज करने में देरी से नाराज एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 28 वर्षीय गर्भवती पुलिस कांस्टेबल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अगस्त को सुबह करीब 5:10 बजे हुई, जब आरोपी थाने पहुंचा और कांस्टेबल शिल्पा डी. को बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर चार्ज करने के लिए रखा उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, शिल्पा ने उसे कुछ देर थाना प्रभारी के आने का इंतजार करने को कहा। बाद में आरोपी थाने लौटा और कांस्टेबल को अकेला पाकर उससे हिंदी में कथित तौर पर पूछा कि उसकी शिकायत क्यों दर्ज नहीं की गई। उसने कथित तौर पर शिल्पा को जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद आरोपी ने भारी अवरोधक में लगे पहिये से जुड़ी लोहे की रॉड उठा ली और कथित तौर पर शिल्पा के सिर पर छह-सात बार वार किया तथा वहां से फरार हो गया।

शिल्पा ने शोर मचाया, जिसके बाद थाना प्रभारी और एक अन्य महिला कांस्टेबल उनकी मदद के लिए पहुंचे। एक सहायक उपनिरीक्षक ने भी आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह उसे तत्काल पकड़ नहीं सके।

पुलिस ने बताया कि शिल्पा को पहले प्राथमिक उपचार के लिए मणिपाल अस्पताल ले जाया गया और बाद में इलाज के लिए राजाजीनगर के सुगुना अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने बताया कि वह खतरे से बाहर हैं।

एक वीडियो संदेश में शिल्पा के भाई कृष्णा नाइक ने घटनाक्रम के बारे में बताया और कहा कि वह दो जून 2022 से पुलिस कॉन्स्टेबल के तौर पर काम कर रही थीं।

उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया और बताया कि घटना के समय थाने में लगभग 40 से 50 कर्मचारी काम कर रहे थे।

नाइक ने कहा कि घटना के समय उनकी बहन दो महीने की गर्भवती थी।

महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की शिकायत के आधार पर बेंगलुरु सिटी रेलवे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान गंजेंद्र के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश