Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

हिंडाल्को ने कर्नाटक में पहला विशेषत प्रकार के एल्युमिना विनिर्माण का संयंत्र शुरू किया

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक में भारत का पहला विशेष प्रकार के एल्युमिना के विनिर्माण का कारखाना शुरू किया। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 30,000 टन है।

आदित्य बिड़ला समूह की धातु कारोबार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का यह संयंत्र तार और केबल तथा अन्य उच्च-प्रदर्शन वाले अनुप्रयोगों के लिए उन्नत अग्नि-सुरक्षा सामग्री की बढ़ती मांग को पूरा करेगा।

कंपनी ने बयान में कहा कि कर्नाटक के बेलगावी में शुरू किया गया यह संयंत्र सुपरफाइन पीपीटी एटीएच (प्रेसिपिटेटेड एल्युमिनियम ट्राइहाइड्रेट) का उत्पादन करेगा। इसके साथ ही भारत में पहली बार इस उच्च मूल्य वाले विशेष एल्युमिना उत्पाद का घरेलू उत्पादन शुरू हुआ है।

पीपीटी एटीएच एक हेलोजन-मुक्त अग्निरोधी सामग्री है। इसका इस्तेमाल अग्नि-सुरक्षित केबल, पॉलिमर इंसुलेटर, तापरोधक सामग्री, कंपोजिट और पेंट में किया जाता है। यह हेलोजन एसिड गैस छोड़े बिना आग की लपटों और धुएं के प्रसार को कम करने में मदद करता है।

कंपनी ने कहा कि कड़े अग्नि-सुरक्षा मानकों, इलेक्ट्रिक वाहन और बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा टिकाऊ और उच्च-प्रदर्शन वाली सामग्रियों की ओर बढ़ते रुझान के कारण इस उत्पाद की मांग बढ़ रही है।

कंपनी के अनुसार, संयंत्र की पहले चरण में 30,000 टन सालाना उत्पादन क्षमता रखी गई है, जो तार और केबल उद्योग में सुरक्षित केबल की घरेलू मांग का लगभग पूरा हिस्सा पूरा करने में सक्षम होगी।

संयंत्र की उत्पादन क्षमता को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 60,000 टन सालाना किया जा सकता है। इससे हिंडाल्को घरेलू बाजार की मांग बढ़ने के अनुरूप अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकेगी।

भाषा योगेश अजय

अजय