Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

गुजरात के भावनगर में खेत की अवैध बाड़ से बिजली का करंट लगने से एक शेरनी की मौत

भावनगर, 27 अगस्त (भाषा) गुजरात के भावनगर जिले में मक्के के खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई बिजली की अवैध बाड़ के संपर्क में आने से एक शेरनी की करंट लगने से मौत हो गई। वन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

महुआ क्षेत्र के वन अधिकारी दिलीप गढ़वी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खेत के मालिक और उसके साझेदार ने बिना कनेक्शन लिए गैर-कानूनी तरीके से बिजली अपनी जमीन के चारों ओर लगी बाड़ तक पहुंचायी।

उन्होंने कहा, ‘‘ महुआ वनक्षेत्र के बोर्डी गांव में बृहस्पतिवार सुबह पांच से नौ साल की एक शेरनी मृत पाई गई। उसकी मौत मक्के के खेत के चारों ओर लगाई गई बिजली वाली अवैध बाड़ से करंट लगने के कारण हुई ।’’

गढ़वी ने बताया कि पालिताना-शत्रुंजय संभाग के वन्यजीव विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच शुरू की।

उन्होंने कहा कि अपराध विज्ञान प्रयोगशाला और गुजरात विद्युत बोर्ड की एक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

गढ़वी ने बताया कि मृत शेरनी को अंत्य परीक्षण के लिए ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर वन्यजीव (सुरक्षा) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा