Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

हरियाणवी गायक की हत्या का मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण, जल्द गिरफ्तार होंगे हत्यारे : एडीजी

शामली (उप्र), 27 अगस्त (भाषा) मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने शामली जिले में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के सनसनीखेज मामले को पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा है कि पुलिस ने इस मामले में कई सुराग हासिल किए हैं और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भास्कर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि बुधवार शाम को हरियाणवी गायक बालियान की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनमें से चार को हरियाणा भेजा गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इसके अलावा पुलिस की कई अन्य टीमें अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया, 'हमारे पुलिस बल के कई लोग हैं जो उसी गांव से आते हैं और वे लगातार इसमें मदद कर रहे हैं। प्रधान, उप प्रधान और जितने भी जनप्रतिनिधि हैं, वे भी मदद कर रहे हैं। जो हत्यारे हैं उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'

इस सवाल पर कि क्या बालियान की हत्या भी पंजाबी गायक कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या की तरह का ही मामला है, उन्होंने कहा, 'हमारे पास काफी सुराग आ चुके हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करना ठीक नहीं है। बहुत जल्दी इसके बारे में खुलासा किया जाएगा।'

उन्होंने एक अन्य सवाल पर कहा कि यह 'बहुत बड़ी' घटना है और निश्चित रूप से 'चुनौतीपूर्ण' भी है लेकिन पुलिस इस चुनौती पर भी खरी उतरेगी।

भास्कर ने कहा कि बालियान की हत्या के बाद परिवार और अन्य लोगों ने रास्ता जाम किया था, लेकिन अब वह पूरी तरह से खुल चुका है और परिवार की तरफ से पूरा सहयोग मिल रहा है।

हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान बुधवार शाम छह बजकर 45 मिनट पर जिम से बाहर निकल रहे थे तभी दो गाड़ियों से आए चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बालियान को गंभीर रूप से घायल हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधा है।

भाषा सलीम वैभव

वैभव