काठमांडू, 26 अगस्त (भाषा) नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित देश में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए हरसंभव मानवीय सहायता की पेशकश करने और एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
मोदी द्वारा ‘‘फोन पर सद्भावनापूर्ण बातचीत और गहरी संवेदना व्यक्त करने’’ के लिए उनका आभार जताते हुए बालेन्द्र शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के प्रति एकजुटता व्यक्त करने वाले आपके आत्मीय शब्दों और सहायता की उदार पेशकश की दिल से सराहना करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सहयोग का यह भाव हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती के मजबूत रिश्तों को दिखाता है, जिन्हें हम बहुत महत्व देते हैं।’’
इससे पहले, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि उन्होंने शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई मौतों पर दुख जताया।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत नेपाल को ‘‘हर संभव मानवीय मदद’’ देने के लिए तैयार है और भारतीय टीमें बचाव एवं राहत कार्यों में मिलकर काम कर रही हैं।
भाषा सुभाष सिम्मी
सिम्मी