Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नेपाल आपदा : उत्तराखंड के सीमावर्ती चंपावत जिले में एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर

देहरादून, 26 अगस्त (भाषा) नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से शारदा नदी के तटों से दूर रहने की अपील की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल में आई आपदा को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक (कमांडेंट) अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर चंपावत जिले की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एसडीआरएफ की टनकपुर टीम शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी एवं गश्त कर रही है। टीम नदी के जलस्तर और संभावित खतरे पर लगातार नजर रख रही है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है।

अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी के तटीय क्षेत्रों के पास न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम आवश्यक जीवनरक्षक और बचाव उपकरणों के साथ 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

चंपावत जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शारदा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

भाषा

दीप्ति रवि कांत