Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

दिल्ली पुलिस ने गोगी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने गोगी गिरोह के दो कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया है। वे कथित तौर पर रंगदारी वसूलने और लक्षित हमला करने की साजिश रच रहे थे। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान नरेला निवासी 22 वर्षीय चिराग उर्फ ​काला और हरियाणा के सिरसा निवासी 26 वर्षीय सागर उर्फ सेठी के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि एक टीम ने दो लोगों की गतिविधि के बारे में विशेष जानकारी पर कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त को दरियापुर-घोघा रोड पर मुनक नहर के पास जाल बिछाया।

अधिकारी ने कहा कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से चार कारतूस के साथ एक .32 बोर की पिस्तौल और एक तमंचा बरामद हुआ। आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

विशेष प्रकोष्ठ थाने में मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने कहा कि चिराग नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में एक जल आपूर्तिकर्ता और उसके चालक के साथ कथित मारपीट और लूट के मामले में दर्ज मामले में भी वांछित था।

इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चिराग और कुछ अन्य लोग फरार थे।

अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान, चिराग ने कथित तौर पर खुलासा किया कि अक्षय उर्फ टैक्सी ने गोगी गिरोह के लोगों से उसका परिचय कराया था।

पूर्व पहलवान सागर ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह 2021 में कुश्ती छोड़ने के बाद गिरोह के सदस्य अंकित सिरसा के माध्यम से आपराधिक गिरोह में शामिल हुआ।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष