Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

दिल्ली में जलभराव को ‘आपदा’ मानकर युद्धस्तर पर कार्रवाई करें : उपराज्यपाल संधू

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव की स्थिति को ‘‘आपदा’’ मानते हुए युद्धस्तर पर कार्रवाई की जाए।

उपराज्यपाल ने मंगलवार देर शाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों और एजेंसियों को मिलकर काम करने तथा विभागों और एजेंसियों के प्रमुखों को मौके पर मौजूद रहने का निर्देश दिया, ताकि लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

यह निर्देश ऐसे समय दिया गया है जब मंगलवार को दिल्ली के कई मौसम केंद्रों में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। इससे कई सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मंगलवार दिल्ली में बीते दो साल में अगस्त का सबसे अधिक बारिश वाला दिन रहा।

संधू ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘निर्देश दिया गया है कि स्थिति को ऐसी आपदा के रूप में लिया जाए, जिसके लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई जरूरी है। इसके लिए ‘पूरी सरकार’ को एकजुट होकर काम करना होगा और सभी विभागों एवं एजेंसियों को अलग-अलग काम करने के बजाय पूरी तरह समन्वय के साथ काम करना होगा।’’

उन्होंने निर्देश दिया कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर सभी विभागों के प्रमुख कार्यालय में बैठकर निगरानी करने के बजाय खुद सड़कों पर मौजूद रहें और मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की देखरेख करें।

अधिकारियों के अनुसार, उपराज्यपाल ने स्पष्ट किया कि शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जानी चाहिए। उन्होंने शहर के सभी संवेदनशील और जलभराव वाले इलाकों में पंप लगाने का काम युद्धस्तर पर पूरा करने के आदेश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आने वाली शिकायतों का वास्तविक समय में समाधान करने को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देशों के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने और जमीन पर उनके स्पष्ट परिणाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

संधू ने कहा कि हमारी प्राथमिकता स्पष्ट होनी चाहिए- नागरिकों को त्वरित राहत और दिल्ली को अधिक सुरक्षित तथा बेहतर ढंग से प्रबंधित करना।

मंगलवार को आईटीओ से मंडी हाउस की ओर जाने वाली सड़क, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, करोल बाग और अक्षरधाम फ्लाईओवर समेत कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव की सूचना मिली थी। इससे कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।

नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने भी बुधवार को अपने अधिकार क्षेत्र के कई इलाकों में बारिश के कारण हुए जलभराव के लिए लोगों से माफी मांगी और कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आमतौर पर नगर निकाय 15-20 मिनट में जलभराव दूर करने में सक्षम रहा है, लेकिन तीन. चार स्थानों पर पानी निकलने में एक घंटे से अधिक समय लगा।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश