Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

नेपाल में लापता भारतीयों का पता लगाने के लिए तत्काल कदम उठाए सरकार: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ पर गहरा दुख जताया और भारत सरकार से आग्रह किया कि वह लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने तथा उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से वह ‘‘हतप्रभ और दुखी’’ हैं तथा उन्होंने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि नेपाल में 100 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबरों को लेकर “गहरी चिंता” है।

उन्होंने भारत सरकार से लापता लोगों का पता लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।

खरगे ने कहा कि इस कठिन समय में भारत को नेपाल को भी हरसंभव मानवीय सहायता मुहैया करानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी है और सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि नेपाल में विनाशकारी अचानक आई बाढ़ चिंताजनक है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जो अपने प्रियजन की सलामती की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने भारत सरकार से नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय में लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि वह नेपाल के लोगों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि नेपाल में भयानक बाढ़ से हुई तबाही का समाचार अत्यंत दुखद है।

उन्होंने अपने परिजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रियंका गांधी ने भारत सरकार से अपील की कि लापता लोगों का पता लगाने के लिए तुरंत अभियान चलाया जाए और नेपाल की जनता को हरसंभव मानवीय मदद पहुंचाई जाए।

तिब्बत की सीमा से लगे मध्य नेपाल के दो जिलों में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ में 46 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से नदी किनारे बसी बस्तियों में भारी तबाही हुई और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आई, जिससे तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा और धादिंग जिले तथा काठमांडू के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नुवाकोट जिला प्रभावित हुआ।

बाढ़ में 100 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर है।

भाषा हक

हक नरेश

नरेश