Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

भाजपा बंगाल के आगामी निकाय चुनाव में जीत हासिल करेगी : मंत्री अग्निमित्रा पॉल

कोलकाता, 26 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को विश्वास जताया कि राज्य में आगामी निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि लोग विवादों और भ्रामक सूचनाओं से गुमराह नहीं होंगे क्योंकि वे विकास की जरूरत को समझते हैं।

पॉल ने ‘सीआरईडीएआई कोलकाता टेककॉन 2026’ से इतर कहा, “विधानसभा चुनाव में भारी जनादेश मिलने के बाद मुझे लोगों की सोच में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। लोग आरोप लगा सकते हैं लेकिन वे जानते हैं कि विकास केवल भाजपा ही ला सकती है।”

उनकी यह टिप्पणी पार्क स्ट्रीट में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान एक महिला से उनकी बातचीत को लेकर उठे विवाद के बीच आई है। मंत्री को विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा था।

विपक्ष ने आरोप लगाया था कि उन्होंने सड़क किनारे अपने बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही महिला से इस बारे में सवाल किया था।

पॉल ने बाद में स्वीकार किया कि संभवत: उन्होंने कुछ सख्त लहजे में बात की थी और उन्हें अपनी बात बेहतर तरीके से समझानी चाहिए थी।

हालांकि, मंत्री ने फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के अपने रुख को दोहराया और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इस मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “काम करते समय गलतियां हो सकती हैं। मुझसे गलती हुई है लेकिन मैं शहर को स्वच्छ रखने के अपने रुख पर कायम हूं।”

पॉल ने ममता बनर्जी की एक टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अपने 15 साल के कार्यकाल के दौरान विभिन्न घटनाओं से प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए था।

ममता बनर्जी ने कहा था कि काम करते समय गलतियां हो सकती हैं।

मंत्री ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि उन्होंने ऐसे परिवारों को घर उपलब्ध कराने के लिए सहायता क्यों नहीं दी।

उन्होंने हंसखाली और कामदुनी मामलों का भी जिक्र किया।

पॉल ने कहा, “आप गोद लेने की बात करती हैं, लेकिन हंसखाली की 14 वर्षीय लड़की के परिवार को आपने गोद क्यों नहीं लिया?”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश