Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

विजयवर्गीय ने शक्कर के नुकसान गिनाए, कहा-‘90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते’

इंदौर (मध्यप्रदेश), 26 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को 40 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्तियों को शक्कर (चीनी) से परहेज की सलाह दी और दावा किया कि इन दिनों 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते।

त्योहारी मौसम में शक्कर की महंगाई को लेकर विपक्षी कांग्रेस द्वारा मुद्दा उठाए जाने पर विजयवर्गीय ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि चीनी के दाम लगातार घट रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वैसे भी आजकल 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते हैं। आपको बता दूं कि मैं तो मीठा खाता ही नहीं हूं।’’

काबीना मंत्री ने ठहाके के साथ मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘मैं तो कहता हूं कि (शक्कर) खूब महंगी हो जाए। (शक्कर) केवल बच्चों के लिए कंट्रोल (उचित मूल्य की शासकीय दुकान) में बढ़िया सस्ती मिल जाए, बाकी बुजुर्गों को तो (शक्कर) देनी ही नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि 40 से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए शक्कर खाना चिकित्सक, खासकर आयुर्वेद तो बिल्कुल भी अच्छा नहीं मानता।

काबीना मंत्री ने कहा,‘‘चालीस साल से ऊपर उम्र होने पर आप एक बार गुड़ खा लो, पर शक्कर बिल्कुल मत खाना।’’

शक्कर की महंगाई को लेकर विजयवर्गीय के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई घटाने के वादे के बूते सत्ता में आई भाजपा के नेता शक्कर पर बेतुकी बयानबाजी के जरिये गरीबों और मध्यमवर्गीय लोगों का अपमान और उपहास कर रहे हैं।

पटवारी ने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं को देश देख रहा है। आगामी चुनावों में इनकी हंसी का करारा जवाब जनता देगी। फिर हम देखेंगे कि इनके चेहरे पर हंसी बरकरार रहती है या आंखों से आंसू आते हैं।’’

भाषा हर्ष अमित

अमित