(फाइल फोटो के साथ)
कन्नूर (केरलम), 26 अगस्त (भाषा) केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने बुधवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग में डिजाइन की खामी के कारण यहां भारी बारिश के बाद इलायावूर में मिट्टी धंसने की घटना हुई एवं सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
भूस्खलन के बाद प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के एक दिन बाद विजयन ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 2023 में वहां ऐसा ही भूस्खलन होने के बाद प्रभावी कदम उठाने में विफल रहा।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वयं ही माना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डिजाइन में खामियां हैं।
एनएचएआई ने पहले आश्वासन दिया था कि राजमार्ग को केरलम की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से बनाया जाएगा।
विजयन ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने और केरलम की भौगोलिक और भू-आकृति स्थितियों का विस्तार से अध्ययन करने की मांग की।
उन्होंने एनएचएआई से यह भी कहा कि वह अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और तंत्र का इस्तेमाल करे तथा आगे ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ज़्यादा सावधानी बरते।
बाद में उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि सुरक्षा दीवार पहले भी ढह गयी थी।
उन्होंने लिखा कि सुरक्षा दीवार में दरारें आने और प्रस्तावित सर्विस रोड के साथ लगभग 100 मीटर तक दरारें फैलने से स्थानीय निवासियों में चिंता पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि कंक्रीट की सुरक्षा दीवार और प्रस्तावित सर्विस रोड के बीच बनाई गई ‘गैबियन’ दीवार भी निचले स्तर पर है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि सर्विस रोड के लिए ज़मीन तो ले ली गई है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर लगभग 20 घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं।
विपक्ष के नेता ने कहा कि स्थानीय निवासियों को चिंता है कि लगातार हो रहे भू-कटाव और भू-स्खलन से उनके घरों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
ज़िला प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को उत्तरी कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे जमीन खिसकने की घटनाएं हुईं, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार को नुकसान पहुंचा और कुछ इलाकों में यातायात बाधित हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना था कि इस जगह पर तीन साल पहले भी भूस्खलन की एक बड़ी घटना हुई थी।
जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों से इस घटना के बारे में तुरंत रिपोर्ट मांगी थी।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव