Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

पंजाब के घरुआं गांव में खुदाई के दौरान मिले प्राचीन सिक्के

चंडीगढ़, 26 अगस्त (भाषा) पंजाब के मोहाली जिले के घरुआं गांव में धर्मशाला और पुस्तकालय के निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पुराने सिक्के मिलने के बाद अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सिक्के मिलने की खबर के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और खुदाई वाली मिट्टी में सिक्के ढूंढने लगे।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम को सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई जिसके बाद महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि कुछ लोग टॉर्च की रोशनी में खुदाई से निकली मिट्टी को खंगालते नजर आए।

स्थानीय लोगों का दावा है कि खुदाई के दौरान चांदी के प्राचीन सिक्कों से भरा एक बर्तन मिला है।

उन्होंने बताया कि इन सिक्कों पर उर्दू में लिखावट है। हालांकि, सिक्कों कितने पुराने हैं और इनके ऐतिहासिक महत्व की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कुछ लोग मौके से सिक्के लेकर भाग गए।

घरुआं के कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार जिंदल ने बताया कि मौके पर धर्मशाला और पुस्तकालय का निर्माण कराया जा रहा था तथा खुदाई के दौरान कुछ सिक्के मिले हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिसकर्मी तैनात कर स्थल को सुरक्षित कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के चंडीगढ़ कार्यालय को पत्र लिखकर सिक्के मिलने की जानकारी दी है।

जिंदल ने बताया कि धर्मशाला और पुस्तकालय के निर्माण के लिए जगह बनाने के संबंध में पहले पंचायत भवन के कुछ कमरों को गिराया गया था।

घरुआं के थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि मौके पर एक उपनिरीक्षक और दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश