Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

असम: पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' का सदस्य हैलाकांडी में पकड़ा गया

गुवाहाटी, 26 अगस्त (भाषा) असम पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बुधवार को हैलाकांडी जिले से पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एसटीएफ ने 25 जुलाई को धुबरी, चिरांग और बारपेटा जिलों से इस समूह के तीन अन्य कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि पिछली गिरफ्तारियों और उसके बाद हुई जांच से मिले सुरागों के आधार पर एसटीएफ ने हैलाकांडी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 21 वर्षीय कथित सदस्य को रामनाथपुर इलाके से गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आरोपी के कब्जे से कई दस्तावेज बरामद किए गए। यह कार्रवाई एसटीएफ की ‘‘चरमपंथी और राष्ट्रविरोधी नेटवर्क तथा उनके सदस्यों के खिलाफ लगातार जारी जांच और कार्रवाई’’ का हिस्सा है।

सरकार के एक बयान के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित एक आतंकवादी गिरोह है, जिसका संबंध भारत भर में हथगोले, आईईडी और पेट्रोल बम हमलों तथा लक्षित हत्याओं से है।

बयान में कहा गया कि एसबीएन स्थानीय लोगों को पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करने तथा जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी पैसे देता रहा है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव