Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

पाकिस्तान के एक अस्पताल में आग लगने से 15 शिशुओं की मौत

इस्लामाबाद, 26 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक प्रमुख अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में बुधवार को आग लगने से 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गयी।

यह आग राजधानी के सबसे बड़े और बेहतर सुविधाओं वाले सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में लगी।

‘जियो न्यूज’ ने अपनी खबर में बताया कि आग लगने की घटना में 15 शिशुओं की मौत हो गई।

हालांकि, मृतकों की संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पीआईएमएस की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने ‘डॉन’ अखबार को बताया कि जिस वार्ड में आग लगी, वहां 15 नवजात शिशु मौजूद थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि कुछ शिशुओं को रात में ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई हो, इसलिए अभी मृतकों की सही संख्या बताना संभव नहीं है।’’

घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने बताया कि आग सुबह करीब सात बजे लगी थी।

उन्होंने कहा कि आग की लपटों पर काबू पा लिया गया है, लेकिन वार्ड को पूरी तरह ठंडा करने की प्रक्रिया में अभी कुछ समय लगेगा।

भाषा गोला शोभना

शोभना