Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

राजस्थान: सवाई मानसिंह अस्पताल में महिला के सिर पर गिरा पंखा, 15 टांके लगे

जयपुर, 25 अगस्त (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल के चरक भवन स्थित ईएनटी वार्ड में लगा एक पंखा सोमवार शाम एक महिला के सिर पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

प्रशासन ने बताया कि महिला के सिर में चोट आने पर 15 टांके लगाए गए।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, करौली निवासी संतोष का ईएनटी वार्ड में कान का ऑपरेशन हुआ था और उसकी बहन रेणु (59) उसका हालचाल जानने अस्पताल पहुंची थी।

प्रशासन के मुताबिक, रेणु मरीज के बिस्तर के पास रखी मेज पर बैठी थी और इसी दौरान अचानक चलता हुआ छत का पंखा गिरकर रेणु के सिर पर आ गिरा।

प्रशासन ने बताया कि हादसे में रेणु के सिर से खून बहने लगा, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि घायल महिला करीब 10 से 15 मिनट तक वार्ड में ही उपचार का इंतजार करती रही।

परिजनों के मुताबिक, करीब 10-15 मिनट बाद एम्बुलेंस पहुंची और महिला को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर 15 टांके लगाए।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

जूली ने ‘एक्स’ पर कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार में प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था आईसीयू में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंखा गिरने से महिला के सिर में 12 से अधिक टांके आए।

जूली ने यह भी दावा किया कि घायल महिला और उसके परिजनों को अस्पताल में करीब आधे घंटे तक इलाज व एम्बुलेंस का इंतजार करना पड़ा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “ भाजपा शासन में प्रदेश बदहाल स्थिति में है। बच्चे विद्यालय जाएं तो कभी कमरों में दबकर जान गंवाते हैं और मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचें तो कभी छत, छज्जे और पंखे ही उनकी जान के लिए खतरा बन जाते हैं।”

उन्होंने कहा कि यह सरकार की लापरवाही और संवेदनहीनता का प्रमाण है।

जूली ने सवाल किया कि आखिर कितने बड़े हादसे और कितनी निर्दोष मौतों के बाद सरकार नींद से जागेगी।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र