Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में बाघिन के हमले में युवक की मौत

बिलासपुर, 25 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अचानकमार बाघ अभयारण्य (एटीआर) के लोरमी बफर क्षेत्र में कथित तौर पर बाघिन के हमले में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बांधा गांव निवासी धरमजीत धृतलहरे सोमवार सुबह चार अन्य ग्रामीणों के साथ अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में गया था।

वन विभाग के मुताबिक, पहाड़ पर किसी हिंसक वन्यजीव ने धरमजीत पर हमला कर दिया।

विभाग ने बताया कि घायल अवस्था में उसे गांव लाया जा रहा था कि तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, धरमजीत और उसके साथी जंगल में पिहरी, करील और पुटू एकत्र करने गए थे।

उन्होंने बताया कि पाड़ा डोंगरी के पास उन्होंने एक बाघिन को दो-तीन शावकों के साथ देखा और बाघिन को अपनी ओर आते देख चारों साथी भाग गए जबकि धरमजीत गिर पड़ा और बाघिन ने उस पर हमला कर दिया।

वन विभाग ने बताया कि बचाव दल को मौके पर गंभीर रूप से घायल धरमजीत मिला और प्रारंभिक जांच में गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।

अचानकमार बाघ अभयारण्य की फील्ड डायरेक्टर प्रियंका पांडेय ने बताया कि इलाके में बाघों की आवाजाही बनी हुई है और एक बाघिन को शावकों के साथ देखा गया है।

उन्होंने बताया कि ऐसे में युवक की मौत बाघिन या उसके शावकों के हमले से होने की आशंका है।

अधिकारी ने बताया कि वन विभाग घटना और वन्यजीव की पहचान की जांच कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 15 जून से 31 अक्टूबर तक बाघ अभयारण्य के वन क्षेत्रों में प्रवेश प्रतिबंधित है और ग्रामीणों को वनोपज संग्रहण के लिए क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

भाषा सं संजीव जितेंद्र

जितेंद्र