Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उप्र: वाराणसी में बारिश से संबंधित हादसों में पांच लोगों की मौत, बाढ़ से हालात खराब

वाराणसी, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शहर में सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के बाद मंगलवार को कई जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल के चारों ओर पानी भर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, बारिश के बीच सिगरा थाना क्षेत्र में एक मकान में सजावट का काम कर रहे सलीमुद्दीन (45) और उनके पुत्र अनीस (17) करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि चेतगंज क्षेत्र के काली महाल इलाके में कूलर चालू करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसे 50 वर्षीय त्रिलोकी मोदनवाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, एक अन्य घटना में मंडुवाडीह औद्योगिक क्षेत्र में बारिश के दौरान मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और किराये के मकान में रह रहे थे।

प्रशासन ने गंगा का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर नदी में नाव चलाने पर रोक लगा दी।

हरिश्चंद्र घाट और मणिकर्णिका घाट पर पानी पहुंच जाने के कारण शवों का अंतिम संस्कार सीढ़ियों के ऊपर ऊंची जगहों पर किया जा रहा है।

दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती भी घाट के बजाय ऊंची जगहों पर की जा रही है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र