Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने छात्रों की शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का बकाया जारी करने की मांग को लेकर अनशन समाप्त किया

हैदराबाद, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मंगलवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा छात्रों की लंबित शुल्क प्रतिपूर्ति राशि जारी किए जाने तक भाजपा अपना संघर्ष जारी रखेगी।

भाजपा सांसद के. लक्ष्मण ने राव को नींबू पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस मौके पर लक्ष्मण ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी बुनियादी समस्याओं का समाधान किए बिना राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक अपने सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लक्ष्मण ने कहा कि भाजपा शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की लंबित राशि जारी कराने के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने रामचंदर राव से अनशन समाप्त करने तथा छात्रों और युवाओं के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखने की अपील की।

राव ने 24 अगस्त को यहां भाजपा कार्यालय में अनशन शुरू किया था। उन्होंने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की लंबित राशि के कारण करीब 20 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।

राव के अनुसार, दिसंबर 2023 में पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार के सत्ता से हटने के समय शुल्क प्रतिपूर्ति की 8,000 करोड़ रुपये की राशि बकाया थी, जो अब बढ़कर 12,000 करोड़ रुपये हो गई है।

उन्होंने कहा कि बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण निजी कॉलेज छात्रों के प्रमाणपत्र रोक रहे हैं। साथ ही, शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत राशि नहीं मिलने से कॉलेज अपने कर्मचारियों को वेतन देने में भी सक्षम नहीं हैं।

राव ने यह भी कहा था कि देश के युवाओं को उकसाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हैदराबाद आकर शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की लंबित राशि को लेकर लोगों को जवाब देना चाहिए।

भाषा तान्या रंजन

रंजन