Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

तिवारी ने चीनी रोबोट को लेकर आगाह किया, भाजपा ने राहुल को ‘चीन का रोबोट’ बताया

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मंगलवार को आगाह करते हुए कहा कि यदि सरकार सतर्क नहीं रही तो भारत को जल्द ही वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीनी सेना के रोबोटों से लड़ना पड़ सकता है।

उनके इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को ‘‘चीन का रोबोट’’ करार दिया।

तिवारी ने चीन के एक रोबोट द्वारा जमैका के फर्राटा धावक उसेन बोल्ट के 100 मीटर दौड़ के रिकॉर्ड को तोड़ने से जुड़ी एक खबर ‘एक्स’ पर साझा की।

तिवारी ने कहा, ‘‘यदि भारत सतर्क नहीं रहा तो बहुत जल्द उसे एलएसी पर रोबोट पीएलए (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी) से लड़ना पड़ सकता है। चीन द्वारा ‘ह्यूमनॉइड रोबोट’ के प्रभावशाली विकास से हमें वास्तविकता का आकलन करना चाहिए कि उभरती हुई महाशक्ति होने के तमाम दावों के बावजूद प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हम चीन से वास्तव में कितने पीछे हैं और यह तो केवल एक क्षेत्र है।’’

उन्होंने कहा कि 75 महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में से 67 में चीन आज अमेरिका से आगे है।

भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस की सोच को ‘‘चीनी’’ करार दिया।

पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सबसे पहले हमें एलएसी और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भी कांग्रेस की सोच से लड़ना होगा। क्योंकि यही वे लोग हैं जो वास्तव में हमारे दुश्मनों के मददगार हैं, यही वे लोग हैं जो गलत सूचना फैलाते हैं। जब डोकलाम गतिरोध चल रहा था, तब इन्हें चीनी तंबू के अंदर पाया गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब भारतीय सेना और चीनी सेना आमने-सामने थीं... राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द मुझे याद हैं: ‘मार डाला हमारी सेना को’। राहुल गांधी के ऐसे हतोत्साहित करने वाले शब्द थे...।’’

पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘‘चीन का रोबोट’’ करार दिया।

उनका कहना था, ‘‘हमें उनकी सोच से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ना होगा।’’

उसैन बोल्ट ने 2009 में बर्लिन में विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का 9.58 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, शनिवार को चीनी कंपनी ‘एक्स-ह्यूमनॉइड’ द्वारा विकसित एक रोबोट इस रिकॉर्ड 0.19 सेकंड के अंतर से आगे निकल गया।

भाषा हक माधव

माधव