Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई के विधायकों के प्रश्नों की गुणवत्ता में गिरावट आई: रिपोर्ट

मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई के विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले प्रश्नों की गुणवत्ता में भारी गिरावट आई है। मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि सवालों की गुणवत्ता का औसत स्कोर 12वीं विधानसभा के 50 प्रतिशत से गिरकर 15वीं विधानसभा में 33 प्रतिशत रह गया।

इसमें यह भी दावा किया गया कि कांग्रेस के तीन विधायक संपूर्ण प्रदर्शन रैंकिंग में सबसे आगे रहे।

रिपोर्ट में कांग्रेस विधायक अमीन पटेल 82.89 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर रहे। कांग्रेस के असलम शेख (80.58) दूसरे स्थान और ज्योति गायकवाड़ (80.30) तीसरे नंबर पर रहीं।

मुंबई के उन 33 विधायकों में से ये तीन ही हैं जिन्होंने इस मूल्यांकन में 80 प्रतिशत से ज़्यादा अंक हासिल किए हैं।

ये नतीजे ‘मुंबई के विधायक रिपोर्ट कार्ड, 2026’ में शामिल हैं। रिपोर्ट मुंबई के निर्वाचित प्रतिनिधियों के कामकाज का सबूतों पर आधारित आकलन है। इसमें 2024 के शीतकालीन सत्र से लेकर 2025 के मानसून सत्र तक की अवधि पर गौर किया गया है।

नागरिक मुद्दों तथा जवाबदेह शासन के लिए काम करने वाले गैर सरकारी संगठन ‘प्रजा फ़ाउंडेशन’ ने यह विश्लेषण किया है।

पिछले कुछ साल में मुंबई के विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों की संख्या में भी काफी कमी आई है। 15वीं विधानसभा के दौरान (जिसमें 2024 का शीतकालीन सत्र और 2025 का मानसून सत्र शामिल है) 33 विधायकों ने 2,213 सवाल पूछे। यह संख्या 12वीं विधानसभा की इसी अवधि (2009 के शीतकालीन सत्र से 2010 के मानसून सत्र तक) में पूछे गए 7,955 सवालों की तुलना में 72 प्रतिशत कम है।

रिपोर्ट के अनुसार, 15वीं विधानसभा में 33 विधायकों का कुल औसत स्कोर 55 रहा, जबकि 12वीं विधानसभा में यह 61 था। 14वीं विधानसभा में औसत स्कोर गिरकर 54 हो गया था, लेकिन 15वीं विधानसभा में इसमें थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल