Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

‘कांदा एक्सप्रेस’ 800 टन प्याज लेकर बुधवार को दिल्ली पहुंचेगी

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि 800 टन प्याज लेकर पहली ‘कांदा एक्सप्रेस’ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगी। दिल्ली में इस प्याज की बिक्री 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर की जाएगी।

खरे ने सोशल मीडिया मंच पर मंगलवार को बताया कि दिल्ली में प्याज की खुदरा बिक्री नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के स्टोर के जरिये की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बड़ी मात्रा में प्याज की ढुलाई के लिए समर्पित रेलवे रैक चार अन्य केंद्रों - चेन्नई, एर्नाकुलम, मदुरै और गुवाहाटी के लिए भी भेजे जा रहे हैं। इन शहरों में भेजा जा रहा प्याज महाराष्ट्र के नासिक में रखे सरकारी बफर भंडार का हिस्सा है। बाजार में कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए इस भंडार को जारी किया जा रहा है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 24 अगस्त को देशभर में प्याज का औसत खुदरा मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 59 प्रतिशत बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले 27.37 रुपये प्रति किलोग्राम था।

इसी तरह औसत थोक मूल्य भी 68 प्रतिशत बढ़कर 35.58 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले 21.23 रुपये प्रति किलोग्राम था।

प्रमुख शहरों में सोमवार को प्याज का खुदरा भाव चेन्नई में 60 रुपये, दिल्ली में 55 रुपये और कोलकाता में 53 रुपये प्रति किलोग्राम था, जबकि एक साल पहले चेन्नई और दिल्ली में इसके भाव क्रमश: 33 रुपये और 35 रुपये प्रति किलोग्राम थे।

भाषा यासिर अजय

अजय