Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दक्षिणी फ्रांस के गांव में बवंडर का कहर, 39 लोग घायल, 300 मकान क्षतिग्रस्त

पेरिस, 25 अगस्त (एपी) दक्षिणी फ्रांस के एक गांव में सोमवार को आए बवंडर ने भारी तबाही मचाई और 39 लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बवंडर ने सोमवार को पोमास गांव को अपनी चपेट में लिया, जिससे गांव में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। राहत दलों ने बचाव अभियान शुरू किया है।

स्थानीय प्रशासन की उप प्रमुख मैरी-हेलेन बुइसाक ने बताया कि 39 घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना नहीं है।

बवंडर से करीब 300 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अस्थायी आवास केंद्र खोले गए हैं। ऑड प्रांत के अनुसार मंगलवार सुबह तक कई घरों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

बवंडर ने करीब 1,000 आबादी वाले इस गांव में भारी तबाही मचाई। कई मकान मलबे में तब्दील हो गए और बड़ी संख्या में कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

क्षेत्र में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ तूफान की चेतावनी जारी की गई थी और पास के एक मौसम केंद्र में 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। सोमवार को दक्षिणी फ्रांस में आयोजित साइकिल रेस ‘वुएल्टा ए एस्पाना’ का तीसरा चरण ओलावृष्टि के कारण रोकना पड़ा।

राष्ट्रीय मौसम एजेंसी मेटियो फ्रांस के अनुसार, फ्रांस में हर साल बवंडर आते हैं, जिनमें से ज्यादातर कम तीव्रता वाले होते हैं।

एपी अमित अविनाश

अविनाश