Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

हुंदै मोटर ने ईवी चार्जिंग नेटवर्क एकीकृत करने के लिए जियो-बीपी के साथ की साझेदारी

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) और जियो-बीपी ने अपने ईवी चार्जिंग नेटवर्क को एकीकृत करने और देशभर में बिजलीचालित वाहन के उपयोगकर्ताओं को चार्जिंग स्टेशन तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने के मकसद से साझेदारी की है।

जियो-बीपी रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी का संयुक्त उद्यम है। यह इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सेवाओं और समाधान का एक प्रमुख प्रदाता है।

एचएमआईएल ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि इस एकीकरण के बाद हुंदै के ग्राहक माईहुंदै ऐप के जरिये जियो-बीपी पल्स के चार्जिंग स्टेशन को खोजने, उन तक पहुंचने और उनका इस्तेमाल करने में सक्षम होंगे।

कंपनी के अनुसार, जियो-बीपी पल्स नेटवर्क के जुड़ने के साथ हुंदै मोटर इंडिया के ईवी चार्जिंग परिवेश में अब देशभर में 37,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध होंगे। हुंदै मोटर इंडिया के उच्च क्षमता वाले चार्जर भी चरणबद्ध तरीके से जियो-बीपी पल्स के चार्ज प्रो ऐप में एकीकृत किए जाएंगे।

हुंदै मोटर इंडिया के कार्यकारी निदेशक एवं कॉरपोरेट योजना विभाग के प्रमुख ह्यून सुप ली ने कहा, ‘‘जियो-बीपी पल्स के साथ यह साझेदारी भारत में ईवी परिवेश को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चार्जिंग नेटवर्क के एकीकरण से ग्राहकों के लिए चार्जिंग प्रक्रिया आसान होगी और हुंदै ईवी मालिकों को माईहुंदै ऐप के जरिये अधिक व्यापक चार्जिंग नेटवर्क तक पहुंच मिलेगी।’’

जियो-बीपी के चेयरमैन सार्थक बहुरिया ने कहा, ‘‘भारत में इलेक्ट्रिक परिवहन को बड़े पैमाने पर अपनाने के लिए भरोसेमंद चार्जिंग ढांचे की जरूरत है। हुंदै के साथ साझेदारी के जरिये कंपनी अपने देशव्यापी नेटवर्क और उच्च क्षमता वाला चार्जिंग बुनियादी ढांचे को हुंदै के ग्राहकों तक पहुंचा रही है।’’

भाषा

यासिर अजय

अजय