Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली: लापता होने के तीन दिन बाद जसोला नाले से किशोर का शव बरामद

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला गांव में पतंग पकड़ने की कोशिश के दौरान खुले नाले में गिरे 15 वर्षीय लड़के का शव घटना के तीन दिन बाद मंगलवार को बरामद कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आठवीं कक्षा का छात्र मिथुन शनिवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे लापता हो गया था। उसके परिवार को संदेह था कि वह अपने घर के पास नाले में गिर गया है।

लड़के की तलाश के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), बचाव दल और गोताखोरों ने खोज अभियान शुरू किया।

इससे पहले मिथुन के पिता का हाथ में छड़ी लेकर नाले में अपने बेटे को तलाशते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दिख रहा था कि परेशान पिता खुद ही नाले में घुस रहे हैं।

घटना के बाद, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कर्तव्य में कथित लापरवाही के लिए दक्षिण पूर्व (मध्य) क्षेत्र के एक कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले मिथुन का परिवार इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा