नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से मंगलवार दोपहर दो तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है:
दि14: कांग्रेस जनगणना मोदी
खरगे, राहुल का मोदी को पत्र, जनगणना की प्रश्नावली रद्द कर पार्टियों-विशेषज्ञों से वार्ता का आग्रह
नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर जनगणना की प्रश्नावली को लेकर आपत्ति जताई है और मौजूदा प्रश्नावली को रद्द कर राजनीतिक दलों, विशेषज्ञों और जनता से बातचीत के बाद नई प्रश्नावली तैयार करने का आग्रह किया है, ताकि हर जाति और समुदाय की सही संख्या सामने आ सके और जाति जनगणना ‘‘सटीक, सार्थक और लाभकारी’’ हो।
दि13: न्यायालय तृणमूल बागी सांसद
तृणमूल के बागी सांसदों का मामला: उच्चतम न्यायालय अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुनवाई को तैयार
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी की उस याचिका पर सुनवाई करने की मंगलवार को सहमति जताई, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पार्टी के 20 बागी सांसदों की अयोग्यता से जुड़ी याचिकाओं पर जल्द फैसला लेने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
प्रादे40: उप्र आदित्यनाथ चीनी
उप्र में 28 लाख टन चीनी का स्टॉक, सात महीने की खपत के लिए पर्याप्त : आदित्यनाथ
लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में 28 लाख टन चीनी का स्टॉक है, जो करीब सात महीने की खपत के लिए पर्याप्त है।
प्रादे49: बिहार छात्र प्रदर्शन
बिहार : मुख्यमंत्री आवास घेराव की कोशिश में छात्रों ने बैरिकेड तोड़े, पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार
पटना, बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के अभ्यर्थियों समेत विभिन्न छात्र संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश में पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।
प्रादे17: मप्र धार बंद
भोजशाला : प्रशासन पर न्यायालय के आदेश का पालन न करने का आरोप लगा रहे हिंदू संगठनों ने किया धार बंद
धार (मप्र), मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला-कमाल मौला परिसर विवाद से संबंधित उच्चतम न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन न करने का प्रशासन पर आरोप लगाते हुए यहां के हिंदू संगठनों ने मंगलवार को दोपहर तक बंद का आह्वान किया और इसके मद्देनजर शहर में खुली दुकानों को बंद करवाने का प्रयास किया।
प्रादे13: हरियाणा लीड राम रहीम
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली
चंडीगढ़, दुष्कर्म के मामले में दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह मंगलवार सुबह 21 दिन की फरलो पर रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रादे18: गुजरात जहरीली शराब जांच
गुजरात: भावनगर जहरीली शराब कांड में 13 और आरोपी गिरफ्तार
भावनगर, गुजरात पुलिस ने भावनगर जहरीली शराब कांड में 13 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मध्यप्रदेश निवासी भी शामिल है, जिस पर जहरीली शराब तैयार करने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वि1: अमेरिका भारतीय छात्र दाखिले
अमेरिका के कॉलेजों में भारतीय छात्रों के आवेदनों में 15 प्रतिशत की गिरावट
वाशिंगटन, आव्रजन नीतियों में सख्ती के बीच अमेरिका के कॉलेजों में दाखिले के इच्छुक भारतीय छात्रों की संख्या 2025-26 में उससे पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। एक गैर-लाभकारी संगठन की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
वि11: चीन डोभाल
सीमा वार्ता से पहले डोभाल ने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से की मुलाकात
बीजिंग, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने मंगलवार को चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच सीमा क्षेत्रों में शांति व स्थिरता बनाए रखने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
अर्थ17: सेबी मैक्स फाइनेंशियल
सेबी ने मैक्स फाइनेंशियल, मैक्स लाइफ और एक्सिस समूह की कंपनियों के खिलाफ मामला निपटाया
नयी दिल्ली, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने 3,911 करोड़ रुपये के कथित शेयरधारक नुकसान से जुड़े मामले में मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज, मैक्स लाइफ और एक्सिस समूह की कंपनियों के खिलाफ कार्यवाही समाप्त कर दी है। बाजार नियामक ने कहा कि खुलासा संबंधी चूक और धोखाधड़ी की योजना के आरोप साबित नहीं हुए।
अर्थ7: गोयल निवेश
गोयल ने जापान से अधिक संस्थागत पूंजी निवेश का किया आह्वान
तोक्यो, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को जापान के प्रमुख वित्तीय एवं निवेश संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ दीर्घकालिक पूंजी प्रवाह एवं निवेश साझेदारी को मजबूत करने और भारत की विकास यात्रा में जापानी भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की।
खेल10: खेल शतरंज एशियाई
प्रतीति और मयंक एशियाई जूनियर शतरंज में खिताब के करीब
मुंबई, शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रतीति बोरदोलोई और मयंक चक्रवर्ती मंगलवार को यहां आठवें दौर में जीत हासिल करके एशियाई जूनियर क्लासिकल शतरंज चैंपियनशिप में खिताब के करीब पहुंच गए।
खेल8: खेल भारत विलंब
बारिश के कारण तीसरे दिन के दूसरे सत्र का खेल देरी से शुरू हुआ
कोलंबो, भारत और श्रीलंका के बीच यहां खेले जा रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन मंगलवार को दूसरे सत्र का खेल बारिश के कारण आधे घंटे देरी से शुरू हुआ।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा