Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

जमीन धंसने से झारखंड के गिरिडीह में अस्पताल की इमारत में दरारें

रांची, 25 अगस्त (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार सुबह जमीन धंसने के बाद एक कोयला खदान क्षेत्र में स्थित अस्पताल की इमारत में कई दरारें पड़ गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव में हुई, जो सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कार्य क्षेत्र में आता है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

सीसीएल के क्षेत्र महाप्रबंधक के.एस. गाइवाल ने बताया कि जमीन धंसने की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र में किसी को भी प्रवेश करने से रोकने के लिए कदम उठाए।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘लगभग 10x10 मीटर की जमीन धंस गयी है, जिससे अस्पताल की ओर जाने वाली सड़कों पर दरारें आ गई हैं। अस्पताल की दो इमारतों में भी नुकसान देखा गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पता लगाने के लिए अगले कुछ दिनों तक इलाके की निगरानी की जाएगी कि जमीन का धंसना बढ़ रहा है या कम हो रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

गाइवाल ने बताया कि अस्पताल में कामकाज चल रहा था, लेकिन घटना के समय करीब सुबह चार बजे वहां कोई मरीज भर्ती नहीं था।

उन्होंने कहा, ‘‘घटना के समय अस्पताल की इमारत के अंदर कुछ कर्मचारी मौजूद थे। फिलहाल अस्पताल को बंद कर दिया गया है। इसकी स्थिति का आकलन किया जाएगा और उसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।’’

गाइवाल ने कहा कि जमीन धंसने की वजह अवैध खनन भी हो सकती है।

उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले भी इस इलाके में जमीन धंसने की घटना हुई थी।

पुलिस ने बताया कि उसे अभी तक इस घटना की सूचना नहीं मिली है।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा