Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मराठी भाषा अभियान: मुंबई में मराठी बोलने वाले ऑटो चालक पर हमला, चार लोग गिरफ्तार

मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार को मराठी बोलने वाले एक ऑटो चालक द्वारा भाषा की जानकारी से जुड़े नियम के विरोध में हो रहे प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने पर चार ऑटो चालकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद स्थानीय मराठी भाषी लोगों और उत्तर भारत से आए चालकों के बीच तनाव पैदा हो गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोपहर में उपनगरीय कांदिवली में प्रकाश शेजवाल पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में सुरेश यादव, महेंद्र यादव, अनिल कुमार यादव और नूरुल अंसारी को गिरफ्तार किया।

अधिकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा चालक राज्य सरकार के मराठी को ‘‘कामकाजी भाषा’’ के रूप में लागू करने के अभियान के विरोध में एमजी रोड पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारी अन्य ऑटो चालकों से भी अपने वाहन नहीं चलाने की अपील कर रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि शेजवाल अपनी ऑटो-रिक्शा में यात्रियों को ले जाते रहे, जिससे कुछ प्रदर्शनकारी नाराज हो गए और उन्होंने उसे अपशब्द कहे, जबकि चार आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

इस बीच अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पूरे महाराष्ट्र के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों ने 331 ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों को नोटिस जारी किए, जिनमें से मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के 139 चालक भी शामिल हैं। इन चालकों को मराठी भाषा का कामकाजी ज्ञान न होने के कारण नोटिस दिया गया।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश