Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

अदालत के सामने तथ्य रखेंगे: पंजाब के मुख्यमंत्री मान की पत्नी के कानूनी नोटिस पर पूर्व न्यायाधीश

चंडीगढ़, 24 अगस्त (भाषा) पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रंजीत सिंह ने सोमवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर के उस कानूनी नोटिस का कोई जवाब नहीं देंगे, जो बलात्कार के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोपों को लेकर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इसके बजाय वह अदालत के समक्ष तथ्य रखेंगे।

सिंह ने यहां कहा, 'मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि अभी तक मुझे कोई नोटिस नहीं मिला है। अगर इसे जारी किया गया है तो मैं डरा हुआ नहीं हूं। मैं उस नोटिस का जवाब नहीं दूंगा। जो भी अदालत जाना चाहता है, जा सकता है। हम अदालत के सामने तथ्य रखेंगे।'

पंजाब के मुख्यमंत्री की पत्नी गुरप्रीत कौर ने रविवार को उन आरोपों को 'बेबुनियाद' बताकर खारिज कर दिया कि उन्होंने दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। उन्होंने ऐसे आरोप लगाने वालों को चुनौती दी कि वे या तो आरोपों को साबित करें या फिर कानूनी कार्रवाई का सामना करें।

गैर-सरकारी संगठन ‘पंजाब मानवाधिकार संगठन’ के प्रमुख एवं उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। हमारा संगठन अपना काम करता रहेगा। हम सच के साथ हैं। हमने बताया था कि दुष्कर्म की एक पीड़िता के साथ अत्याचार हो रहा है और उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। हमने इसे अपना कर्मतव्य समझा कि इस बात को सबके सामने लाएं ताकि उसे न्याय मिल सके।'

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश