नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल एसएससी समूह-सी और समूह-डी कर्मचारी भर्ती घोटाला मामले में नया आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी कथित सहयोगी अर्पिता मुखर्जी और तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित नेता कुंतल घोष समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
कोलकाता में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत में 20 अगस्त को अतिरिक्त अभियोजन शिकायत दायर की गई।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में जनवरी 2025 में पहला आरोपपत्र दाखिल किया था।
पीएमएलए जांच सीबीआई की उस प्राथमिकी से शुरू हुई है, जिसमें पश्चिम बंगाल केंद्रीय विद्यालय सेवा आयोग (डब्ल्यूबीसीएसएससी) के जरिए ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों की भर्ती में 'बड़े पैमाने पर' गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है।
ईडी ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ जून में पश्चिम बंगाल केंद्रीय एसएससी सहायक शिक्षक भर्ती 'घोटाले' से जुड़े धनशोधन मामले में भी आरोपपत्र दाखिल किया था।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश