चिक्कमगलुरु (कर्नाटक), 24 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के चिक्कमगलूरु में 18वीं सदी के मैसूर के शासक टीपू सुल्तान के 40 फुट ऊंचे कटआउट को एक पाकिस्तान समर्थित गीत के साथ दिखाने वाली संपादित सोशल मीडिया रील, प्रसारित करने के आरोप में सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को होने वाले ईद मिलाद समारोह के मद्देनजर यहां टीपू नगर इलाके में हर साल की तरह इस बार भी टीपू सुल्तान का कटआउट लगाया गया था।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर टीपू सुल्तान का कटआउट दिखाने वाला एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस संपादित वीडियो में 'पाकिस्तान मुजाहिदीन' का जिक्र करने वाला पाकिस्तान-समर्थक गाना इस्तेमाल किया गया था।
उसने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब शहर थाने से जुड़े एक पीएसआई ने अपने मोबाइल फ़ोन पर सोशल मीडिया देखते हुए वह रील देखी।
उनकी शिकायत के आधार पर चिक्कमगलुरु टाउन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दायमा ने बताया कि टीपू सुल्तान के कटआउट के साथ पाकिस्तान-समर्थक गाना जोड़कर बनाई गई सोशल मीडिया रील, पोस्ट और साझा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और रील बनाने वाले का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन