नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा को पश्चिम बंगाल में एक सर्किट हाउस से कथित तौर पर देर रात खाली करने के लिए कहे जाने के मामले की विशेषाधिकार समिति से जांच कराई जाए।
यादव से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना (उबाठा) सांसद अरविंद सावंत और भाकपा सांसद के राधाकृष्णन ने भी 14 अगस्त की घटना को लेकर बिरला को पत्र लिखकर जांच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
बिरला को लिखे अपने पत्र में यादव ने कहा कि यदि प्रशासनिक कार्रवाई के लिए कोई वैध कारण भी था, तो उसके समय और अपनाई गई प्रक्रिया से गंभीर सवाल उठते हैं।
सपा सांसद ने कहा, ‘‘इसलिए अनुरोध है कि आप इस पूरे प्रकरण का तत्काल संज्ञान लें, संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगें और निष्पक्ष जांच के लिए मामले को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के पास भेजें।’’
उन्होंने मोइत्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया।
यादव ने कहा, ‘‘सांसदों की गरिमा, विशेषाधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। उम्मीद है कि आप इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करेंगे।’’
यह विवाद मोइत्रा को कथित तौर पर देर रात राज्य सरकार के स्वामित्व वाले कृष्णानगर सर्किट हाउस से खाली करने के लिए कहे जाने से जुड़ा है। तृणमूल कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों का व्यवहार उन्हें अपने संसदीय दायित्वों का निर्वहन करने से रोकने के प्रयास का हिस्सा था।
मोइत्रा ने इस घटना को लेकर नादिया के जिलाधिकारी श्रीकांत पाली, अतिरिक्त जिलाधिकारी नृपेंद्र सिंह और नाजरेथ की उपजिलाधिकारी अनामिका बेरा के खिलाफ अलग से विशेषाधिकार नोटिस दिया है।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश