गुवाहाटी, 24 अगस्त (भाषा) असम कांग्रेस ने सोमवार को नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियां शुरू करते हुए पार्टी टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए।
विपक्षी दल ने एक बयान में कहा कि असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी सदस्यों से औपचारिक रूप से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
एपीसीसी के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, कांग्रेस के जो सदस्य टिकट के लिए नामांकन चाहते हैं, उन्हें निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा और एक लाख रुपये का गैर-वापसी योग्य आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
बयान में कहा गया कि आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू हो गई है और आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 28 अगस्त है।
नगांव में उपचुनाव कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई के विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण करवाये जा रहे हैं। बोरदोलोई दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने।
भाषा अमित माधव
माधव