Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

आईआईटी-दिल्ली: एमएससी छात्र की 'आत्महत्या' के बाद प्रदर्शन, कक्षाएं स्थगित

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में एमएससी भौतिकी के 31 वर्षीय एक छात्र द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के बाद सोमवार को छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन के बीच कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया। संस्थान के लेक्चर हॉल परिसर में छात्रों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने आत्महत्या करने वाले विद्यार्थी की मौत के पीछे प्रशासनिक लापरवाही की स्वतंत्र जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

इसके साथ ही, उन्होंने छात्रों के मानसिक तनाव के कारणों - जैसे अकादमिक प्रोजेक्ट्स न मिलना, हॉस्टल/आवास से जुड़ी समस्याएं और सहायता तंत्र की कमी - पर ध्यान देने तथा संस्थान के मानसिक-स्वास्थ्य प्रोटोकॉल में अधिक पारदर्शिता की मांग की। सूत्रों के अनुसार, कक्षाएं केवल सोमवार के लिए स्थगित की गई थीं।

शनिवार को आईआईटी-दिल्ली का 31 वर्षीय छात्र परिसर की एक इमारत की छठी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्र कल्याण मामलों के डीन, एसोसिएट डीन और भौतिक शास्त्र विभाग के प्रमुख सहित वरिष्ठ अधिकारियों के इस्तीफे, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये के मुआवजे, प्रदर्शनकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई न करने और प्रशासन से लिखित जवाब की मांग रखी है।

बाद में आईआईटी-दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी और वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की। छात्रों के अनुसार, प्रशासन ने उनकी कुछ मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जबकि कुछ मुद्दों पर सहमति बनना अभी बाकी है।

निदेशक बनर्जी ने छात्रों के साथ बातचीत की पुष्टि की, लेकिन इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

भाषा सुमित माधव

माधव