Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

पंचायती राज सहायक अभियंता आत्महत्या मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) 24 अगस्त (भाषा) राजामहेंद्रवरम के पास गोदावरी नदी में पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता (एई) और उनके परिवार की मौत के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सहायक अभियंता नुकराजू, उनकी पत्नी मीना, बेटी सौजन्या और 10 वर्षीय नाती ने 16 अगस्त को राजामुंदरी में सड़क-रेल पुल के पास गोदावरी नदी में कथित तौर पर छलांग लगा दी थी। स्थानीय मछुआरों ने बच्चे को बचा लिया, जबकि नुकराजू, मीना और सौजन्या की मौत हो गई।

सौजन्या द्वारा कथित तौर पर लिखे गए सुसाइड नोट में शेख सादिक खान नामक व्यक्ति पर परिवार को परेशान करने, उनके मामलों में दखल देने, बैंक खातों पर नियंत्रण करने की कोशिश करने और उन्हें धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

सौजन्या ने आरोप लगाया कि खान करीब दो साल से निजी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रहा था और उसने उसके पति जगदीश रेड्डी की जहर देकर हत्या की और इसे आत्महत्या का रूप दे दिया।

काकीनाडा जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) जी बिंदु माधव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने गोदावरी नदी में नुकराजू और उनके परिवार की मौत से जुड़े मामले के साथ-साथ काकीनाडा में दर्ज एक अलग मामले में खान को गिरफ्तार किया है।’’

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए छह विशेष टीम बनाई गई थीं। बाद में एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश के मेरठ गई और स्थानीय पुलिस की मदद से खान को 22 अगस्त को नौचंदी थाने के निकट गिरफ्तार कर लिया गया।

गोदावरी नदी की घटना के संबंध में राजामहेंद्रवरम द्वितीय टाउन पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेरठ की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट वारंट लेकर उसे काकीनाडा लाया गया।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश