नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को कहा कि सी-130जे सैन्य परिवहन विमान के लिए महत्वपूर्ण संरचनाओं का भारत में उत्पादन दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का एक मजबूत उदाहरण है और इस तरह के प्रयास एक स्वतंत्र तथा सुरक्षित हिंद-प्रशांत के साझा नजरिये को आगे बढ़ाते हैं।
अमेरिकी राजदूत ने हैदराबाद स्थित 'टाटा-लॉकहीड मार्टिन एयरोस्ट्रक्चर्स लिमिटेड' के विनिर्माण संयंत्र का दौरा करने के बाद यह टिप्पणी की।
यह संयुक्त उद्यम भारत के 'मेक इन इंडिया' उद्देश्यों को पूरा करने पर केंद्रित है और इसकी स्थापना 2010 में हुई थी। यह अमेरिका में निर्मित होने वाले सभी नए सुपर हरक्यूलिस विमानों में शामिल सी-130जे एम्पेनेज असेंबली का एकमात्र वैश्विक आपूर्तिकर्ता टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और लॉकहीड मार्टिन का यह संयुक्त उद्यम अब लगभग 80 मध्यम परिवहन विमानों (एमटीए) की भारत की आवश्यकता को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
लॉकहीड मार्टिन का सी-130जे, एम्ब्रेयर डिफेंस एंड सिक्योरिटी का सी-390 मिलेनियम और एयरबस डिफेंस एंड स्पेस का ए-400एम विमान इस बड़े अनुबंध के लिए शीर्ष दावेदारों के रूप में उभरे हैं। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) इस समय 12 सी-130जे विमानों का संचालन कर रही है।
अपनी यात्रा के दौरान, राजदूत गोर ने उस उत्पादन लाइन का दौरा किया जो सी-130जे सुपर हरक्यूलिस के लिए एम्पेनेज बनाती है।
गोर ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के बीच दशकों पुरानी आर्थिक साझेदारी नवाचार, साझा सुरक्षा हितों और आर्थिक सहयोग के माध्यम से लगातार मजबूत हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सी-130जे एक ऐसा मंच है, जिसे हमारे दोनों देश संचालित करते हैं। महत्वपूर्ण संरचनाओं का उत्पादन अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते औद्योगिक और रक्षा सहयोग का एक मजबूत उदाहरण है। इस तरह की साझेदारियां उच्च-कुशल नौकरियों का समर्थन करती हैं, लचीली आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करती हैं और एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत के हमारे साझा नजरिये को आगे बढ़ाती हैं।’’
गोर का हिंद-प्रशांत का संदर्भ इस क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत के प्रदर्शन को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच आया है।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक सुकरण सिंह ने कहा, ‘‘लॉकहीड मार्टिन के साथ टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की साझेदारी ने सी-130जे सहित उनके प्रमुख कार्यक्रमों के लिए विश्व स्तरीय एयरोस्ट्रक्चर की आपूर्ति करने में समय के साथ खुद को साबित किया है।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय