Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

छत्तीसगढ़ के सुकमा में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक बरामद

सुकमा, 24 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामान का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी भेज्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भंडारपदर और मुनुरकोंडा पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में जिला बल, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने नक्सल-रोधी अभियान के दौरान की।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने सोमवार को भंडारपदर और मुनुरकोंडा गांवों के जंगल और पहाड़ी इलाकों में खोज अभियान शुरू किया था।

अभियान के दौरान टीम ने भंडारपदर के जंगल में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में एक एसएलआर राइफल, एक .315-बोर राइफल, एक .410 मस्कट राइफल, छह बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल-शॉट राइफल, एक देसी .315-बोर पिस्तौल, पांच 12-बोर राइफल और सात भरमार बंदूकें शामिल है।

उन्होंने बताया कि बरामद सामान में राइफल के कारतूस और बड़ी संख्या में जिलेटिन की छड़ें शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने यहां से दो स्टील के कंटेनर में रखा 18 किलो बारूद, 31 खाली एके-47 कारतूस, मैगजीन, पाउच, बेल्ट और अन्य सामान भी जब्त किया है। उन्होंने बताया कि इस जखीरे में काली वर्दी, सोलर पैनल, दवाइयां और रोजमर्रा के इस्तेमाल की अन्य चीजें भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी सुकमा पुलिस के उस लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद जंगलों और दूर-दराज के इलाकों में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियारों और सामान के जखीरों का पता लगाकर उन्हें नष्ट करना है।

छत्तीसगढ़ में 31 मार्च को नक्सलवाद की समाप्ति की घोषणा के बाद सुरक्षाबल के जवान लगातार नक्सलियों के छिपाकर रखे गए हथियार बरामद कर रहे हैं तथा विस्फोटकों को नष्ट किया जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बल ऐसे छिपे हुए जखीरों को बरामद करने और इलाके में सुरक्षा मजबूत करने के लिए खोजी अभियान जारी रखेंगे।

भाषा सं संजीव आशीष

आशीष