Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

ई20 पेट्रोल से इंजन को नुकसान और माइलेज में कमी, नीति के कारण बढे चीनी के दाम: केजरीवाल

पणजी, 24 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि ई20 यानी 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंच रहा है और उनका 'माइलेज' (प्रति लीटर में तय की जाने वाली दूरी) प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में लोगों की राय का हवाला दिया।

केजरीवाल ने ई20 नीति को चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी से भी जोड़ते हुए आरोप लगाया कि करीब 25 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने को एथनॉल उत्पादन के लिए भेज दिया गया।

वहीं, सरकार पहले ही विपक्ष के इन आरोपों को खारिज कर चुकी है और कहा है कि देश में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी भंडार होने के बावजूद कीमतें बढ़ाने के लिए उद्योग जिम्मेदार है।

गोवा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केजरीवाल मंगलवार को एक 'टाउन हॉल' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वह ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर लोगों की चिंताओं को उठाएंगे।

गोवा विधानसभा की 40 सीट में दो विधायकों वाली आप ने तटीय राज्य में ई20 (एथनॉल मिश्रित) ईंधन के 'जबरन लागू किए जाने' के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा की है। गोवा में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पणजी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ई20 के मुद्दे पर जनता की राय जानने के लिए वीडियो जारी करने के बाद उन्हें हजारों संदेश और टिप्पणियां मिली हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, 'इसकी वजह से लोगों के इंजन खराब हो रहे हैं, ईंधन प्रणाली प्रभावित हो रही है और लोगों को 'माइलेज' में काफी कमी देखने को मिल रही है।'

आप नेता ने एथनॉल मिश्रण नीति को चीनी की कीमतों में वृद्धि से जोड़ते हुए दावा किया कि करीब 25 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने को एथनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने दावा किया कि चीनी की कीमतें 31 जुलाई को लगभग 45 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक हो गईं, यानी एक महीने में इसमें लगभग 25 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई।

भाषा शुभम रंजन

रंजन