नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से सोमवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं;
प्रादे170 संपूर्ण लीड महाराष्ट्र अस्पताल आग
महाराष्ट्र के अमरावती में अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत, 36 अन्य को बचाया गया
अमरावती (महाराष्ट्र), महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।
दि49 लीड विपक्ष बंगला
विपक्ष ने मंत्रियों के आवासों पर हुए खर्च को लेकर सरकार पर निशाना साधा
नयी दिल्ली, कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार पर अपनी प्राथमिकताएं दुरुस्त नहीं रखने का आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले वित्त वर्ष में केंद्रीय मंत्रियों के आधिकारिक आवासों के रखरखाव पर रिकॉर्ड 92.35 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि देश में महंगाई, बेरोजगारी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है तथा नए स्कूलों की जरूरत है।
प्रादे71 उप्र योगी लीड राहुल
राहुल भारत की विरासत, भविष्य से खिलवाड़ क्यों करना चाहते हैं : योगी
रायबरेली, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को उनसे सवाल किया कि वह “अर्बन नक्सलियों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को खराब” क्यों करना चाहते हैं।
प्रादे134 बंगाल ममता
राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लूंगी, भाजपा को हाशिये पर धकेलने तक नहीं रुकूंगी : ममता
कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लेंगी और तब तक नहीं रुकेंगी जब तक वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हाशिये पर नहीं धकेल देतीं।
अर्थ59 लीड चीनी इस्मा
चीनी की देश में कोई कमी नहीं, कीमतों में आगे कमी आने की उम्मीदः इस्मा
नयी दिल्ली, चीनी की कीमतों में अचानक आए उछाल के बीच उद्योग संगठन इस्मा ने सोमवार को कहा कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है और शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति देने तथा कारोबारियों एवं थोक उपभोक्ताओं पर भंडारण सीमा लगाने से आने वाले दिनों में खुदरा कीमतें घटने की उम्मीद है।
अर्थ41 लीड गेहूं निर्यात
सरकार ने गेहूं और उसके उत्पादों के निर्यात पर लगी रोक हटाई
नयी दिल्ली, सरकार ने सोमवार को गेहूं और उसके उत्पादों के निर्यात पर लगी रोक तत्काल प्रभाव से हटा दी। इस कदम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में गेहूं की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
अर्थ54 प्याज
प्याज के दाम 59 प्रतिशत चढ़े, सरकार ने 'कांदा एक्सप्रेस' से आपूर्ति बढ़ाई
नयी दिल्ली, प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों में मौसमी तेजी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के नासिक से बड़े खपत वाले केंद्रों तक खास रेलवे रैक ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये प्याज का भारी स्टॉक पहुंचाना शुरू कर दिया है। उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रादे44 : तमिलनाडु विजय दूसरी लीड घोषणाएं
तमिलनाडु: विजय ने महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा योजना के विस्तार, तीन मुफ्त सिलेंडर की घोषणा की
चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की जिसके तहत लाभार्थी अब डीलक्स तथा एक्सप्रेस बस सेवाओं में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
दि36 शाह प्रत्यर्पण
बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन भगोड़ों को मलेशिया से प्रत्यर्पित किया गया
नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन भगोड़े अपराधियों को मलेशिया से प्रत्यर्पित किया गया है, जो सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई मामलों में वांछित थे।
वि26 रूस दूसरी लीड जयशंकर
जयशंकर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिले; व्यापार, ऊर्जा और उर्वरक आपूर्ति पर चर्चा की
मॉस्को, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने आर्थिक संबंधों पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु सहयोग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया।
वि22 चीन लीड डोभाल
सीमा मुद्दे पर चीन के विदेश मंत्री से वार्ता के लिए बीजिंग पहुंचे एनएसए अजित डोभाल
बीजिंग, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर बीजिंग पहुंचे, जहां वह अपने चीनी समकक्ष और विदेश मंत्री वांग यी के साथ भारत-चीन सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता में हिस्सा लेंगे।
खेल25 खेल लीड भारत
जुरेल की नाबाद शतकीय पारी से भारत ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा
कोलंबो, ध्रुव जुरेल की धैर्य और संयम से खेली गयी नाबाद शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों ने दो मैचों की टेस्ट श्रृखला के बारिश से प्रभावित दूसरे दिन सोमवार को यहां श्रीलंका के दो विकेट चटकाकर भारत की स्थिति मजबूत कर दी।
खेल32 खेल हॉकी कप लीड भारत
अर्जेंटीना से हारकर भारत सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर
एम्सटेलवीन, मैच के 39वें सेकंड में ही गोल गंवाने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम की विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने की रही सही उम्मीदें भी सोमवार को लचर डिफेंस के कारण अर्जेंटीना के हाथों 3 - 5 से मिली हार के बाद खत्म हो गई।
भाषा
जोहेब माधव
माधव