पारादीप, 24 अगस्त (भाषा) ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में सोमवार को अपने धान के खेत से लौटते समय कथित तौर पर बिजली के तार की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक किसानों की पहचान अजय साहू और सागर भोई के रूप में हुई है, जो बेनूखंड गांव के निवासी थे।
उसने बताया कि यह घटना बेनूखंडा गांव में उस समय हुई, जब वे अपने खेतों से लौट रहे थे। उनके ट्रैक्टर से जुड़ा रोटावेटर जमीन के नीचे बिछी एक बिजली की तार में उलझ गया था। इस तार को सुरक्षित मानी जाने वाली 5-6 फीट की गहराई के बजाय केवल 10-15 इंच की उथली गहराई पर ही दबाया गया था। तार में बिजली का लगातार प्रवाह होने के कारण आसपास की पूरी जमीन में करंट फैल गया था।
करंट की चपेट में आने से दोनों किसान अचेत होकर गिर पड़े। हालांकि उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने उचित सुरक्षा नियमों के बिना अवैध रूप से जमीन के नीचे बिजली की तार बिछाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, ग्रामीणों ने मृत किसानों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की।
भाषा
सुमित रंजन
रंजन