नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तार्किक पुनर्गठन के बाद मतदान केंद्रों की संख्या 13,033 से बढ़कर 14,947 हो गई है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, 70 विधानसभा क्षेत्रों वाले दिल्ली शहर में मतदान केंद्र स्थलों की संख्या भी 2,696 से बढ़कर 2,856 हो गई है।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,500 से घटाकर 1,200 करने का फैसला किया था। इसी के मद्देनजर मतदान केंद्रों का तार्किक पुनर्गठन किया गया।
पुनर्गठन के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले में 321 स्थानों पर सबसे अधिक 1,829 मतदान केंद्र हैं। राष्ट्रीय राजधानी के 13 जिलों में नयी दिल्ली में सबसे कम 214 मतदान केंद्र हैं।
एसआईआर के तहत 31 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची से 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाये जा सकते हैं। घर-घर जाकर सत्यापन के दौरान इन मतदाताओं के गणना प्रपत्र ‘‘प्राप्त नहीं हो सके’’ के रूप में दर्ज किए गए थे। यह सत्यापन अभियान 17 अगस्त को पूरा हुआ था।
भाषा सुरेश दिलीप
दिलीप