Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

यूट्यूब पर ‘सीक्रेट हाउस गेम’ देखकर घर से निकले दो बच्चे, पुलिस ने दो घंटे में बरामद किया

मेरठ (उप्र), 24 अगस्त (भाषा) मेरठ के हस्तिनापुर में यूट्यूब पर 'सीक्रेट हाउस गेम' का वीडियो देखने के बाद 11 और सात साल के दो बच्चे घर से निकल गए तथा एक फार्म हाउस के पास सुनसान जगह पर ‘सीक्रेट हाउस’ बनाकर 24 घंटे का ‘चैलेंज’ लेने लगे।

पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने करीब दो घंटे में दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि 23 अगस्त को हस्तिनापुर की बी-ब्लॉक कॉलोनी के ये दोनों बच्चे रविवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गए।

उन्होंने बताया कि परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।

उन्होंने बताया कि हस्तिनापुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने बच्चों के जाने के संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की।

लवानिया के मुताबिक दोनों बच्चे संस्कार फार्म हाउस के सामने एक ईंट भट्ठे के पास एकांत स्थान पर मिले।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के मुताबिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर ‘सीक्रेट हाउस गेम’ का वीडियो देखा था और उससे प्रभावित होकर खुद भी इसी तरह गेम खेलने का फैसला किया था।

लवानिया के मुताबिक बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 24 घंटे का ‘चैलेंज’ लिया था और घरवालों को बिना बताए ईंट भट्ठे के पास सुनसान जगह को अपना ‘सीक्रेट हाउस’ बना लिया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

भाषा सं. सलीम

राजकुमार

राजकुमार