Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

सेमीकंडक्टर, वाहन कलपुर्जा निर्माताओं की चिंताओं को दूर करने के लिए होंगे नियमों में संशोधन: गोयल

तोक्यो, 24 अगस्त (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत यहां सेमीकंडक्टर और वाहन कलपुर्जा निर्माताओं द्वारा उठाई गई चिंताओं को दूर करने के लिए अगले दो महीनों के भीतर अपने नियमों में संशोधन करेगा।

उन्होंने यहां 'निक्की एशिया' के साथ एक परिचर्चा में कहा कि दो बड़ी कंपनियों - जिनमें से एक भारत में सेमीकंडक्टर उपकरण बनाना चाहती है और दूसरा वाहन कलपुर्जा क्षेत्र से संबंधित है - ने कुछ चिंताएं जताई थीं।

उन्होंने कहा, ''मैंने उन्हें भरोसा दिया है कि अगले दो महीनों के भीतर भारत अपने नियमों में संशोधन करेगा। उनके अनुरोध को पूरा करने के लिए नए नियम लाएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि जब वे भारत में विनिर्माण करेंगे तो उन्हें बिल्कुल कोई समस्या नहीं होगी।''

मंत्री ने कहा कि सरकार ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के ढांचे को काफी सरल बनाया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1,27,500 करोड़ रुपये के कुल बजटीय परिव्यय के साथ भारत के सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए 'सेमीकॉन 2.0' को मंजूरी दी है।

उन्होंने आगे कहा, ''निजी क्षेत्र के साथ मिलकर, हम अगले डेढ़ साल में लगभग 50 अरब अमेरिकी डॉलर के सेमीकंडक्टर और संबद्ध उद्योग को स्थापित करने की उम्मीद कर रहे हैं। एक बार जब यह हो जाएगा, तो हम सेमीकंडक्टर्स 3.0 लेकर आएंगे क्योंकि हमारे लिए यह एक यात्रा है।''

गोयल ने भारत को चीन के विकल्प के बजाय एक स्वतंत्र निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय