Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

असम के विश्वनाथ में 36 मवेशी तस्कर गिरफ्तार, 100 से अधिक मवेशी बरामद: हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी, 24 अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य के विश्वनाथ जिले में एक बड़े अभियान के दौरान कम से कम 36 संदिग्ध मवेशी तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और अवैध रूप से ले जाये जा रहे 100 से अधिक मवेशियों को बचाया गया है।

शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई गोसंरक्षण और किसानों के हितों की रक्षा के लिए असम सरकार के संकल्प का प्रमाण है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गो-तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। विश्वनाथ पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाकर 10 वाहनों से अमानवीय परिस्थितियों में ले जाए जा रहे 106 मवेशियों को सुरक्षित बचाया है और 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।'

संपर्क करने पर विश्वनाथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आसिफ अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मवेशियों की कथित तस्करी की सूचना मिलने के बाद रविवार शाम को यह अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘हमें सुतिया तिनियाली और पावोई अली में 10 पिकअप वैन और मिनी ट्रक मिले। मवेशी बहुत ही क्रूर परिस्थितियों में रखे गए थे और उनके (तस्करों के) पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।’’

एसएसपी ने कहा कि मवेशियों को ले जा रहे 36 कथित तस्करों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'पकड़े गए व्यक्तियों से तस्करी की कड़ी का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये मवेशी लखीमपुर, माजुली, अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों और विश्वनाथ जिले के विभिन्न हिस्सों से लाए गए थे।'

अहमद ने यह भी बताया कि बिना वैध कागजातों के विभिन्न बाजारों से मवेशियों को वाहनों में लादा गया था और इन्हें असम के नगांव तथा तेजपुर के अलावा पड़ोसी राज्य मेघालय ले जाया जा रहा था।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश