Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

रक्षा मंत्रालय की अधिकारी की मौत: परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) की मौत को लेकर उनके परिवार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।

बिहार के ट्रक चालक अब्दुल तवाब खान के लिए साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर उनकी बेटी का रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) बनना गर्व की बात थी।

दिल्ली के द्वारका में उनकी तीन महीने की गर्भवती बेटी की मौत ने उन्हें इस मामले की गहन जांच की मांग करने पर मजबूर कर दिया है।

तीस वर्षीय नाजिया खानम ने एसएससी सीजीएल परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इसके बाद वह रक्षा मंत्रालय में एएसओ के पद पर तैनात हुई थीं। उन्होंने इस साल अप्रैल में मोहम्मद आजम अली खान से शादी की थी। नाजिया ने इससे पहले दो साल तक पश्चिम बंगाल में आयकर विभाग में काम किया था।

उनके परिवार का आरोप है कि द्वारका स्थित अपने ससुराल में उन्हें अक्सर झगड़ों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।

उनके पिता अब्दुल तवाब खान ने कहा, 'उसने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की थी। वह पहले दो साल तक पश्चिम बंगाल में आयकर विभाग में तैनात थी और फिर परीक्षा पास करके रक्षा मंत्रालय में तैनात हुई। इस साल अप्रैल में उसकी शादी हुई थी।'

उन्होंने कहा कि नाजिया की मां ने उन्हें अपनी बेटी के ससुराल में अक्सर होने वाले झगड़ों के बारे में बताया था, लेकिन परिवार को शुरुआत में उम्मीद थी कि चूंकि नई-नई शादी हुई है, इसलिए वक्त के साथ चीजें सुधर जाएंगी।

खान ने आरोप लगाया, ' मगर अब उसकी हत्या कर दी गई है। मैं इस मामले की गहन जांच चाहता हूं।'

नाजिया 21 अगस्त की तड़के भरथल गांव स्थित अपने किराए के मकान में फंखे लटकी पाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 4.21 बजे सेक्टर 23 थाने को घटना के संबंध में सूचना दी गई थी और बाद में उनके शव को डीडीयू अस्पताल के शवगृह में स्थानांतरित कर दिया गया था।

उनके परिवार ने उनकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं और सीबीआई जांच की मांग की है।

उनके भाई शादाब खान ने कहा, 'सुबह करीब 5 बजे मेरे पिता को उनके ससुर से फोन आया कि उसने (नाजिया ने) आत्महत्या कर ली है। हम बहुत हैरान थे क्योंकि मेरी बहन एक बहुत ही मजबूत और साहसी महिला थी। यह विश्वास करना बहुत मुश्किल है कि उसने खुदकुशी की है।'

परिवार ने मामले से निपटने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें वह कमरा नहीं दिखाया गया है जहां घटना हुई थी और न ही नाजिया का फोन उन्हें सौंपा गया है।

तवाब खान ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से दिल्ली में हैं और इंसाफ की गुहार लगाते हुए एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'अगर एक अधिकारी इस तरह पीड़ित है, तो एक आम इंसान के साथ कैसा व्यवहार किया जाएगा? मैं इस मामले में सीबीआई जांच चाहता हूं।'

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कानून के मुताबिक आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पहले कहा था कि नाजिया के माता-पिता ने शुरुआत में 21 अगस्त को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने अपनी ससुराल के खिलाफ कोई आरोप लगाए बिना लिखित बयान दर्ज कराए थे।

परिवार ने 22 अगस्त को नाजिया के पति और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता ( बीएनएस) की धारा 85 (महिला के पति या पति के रिश्तेदार द्वारा उसके साथ क्रूरता करना) और 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्राथमिकी में मृतका के पति, सास शमीमुन निशा और ससुर बाबर अली खान के नाम शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले सबूतों और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव