Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

सतीशन ने प्रधानमंत्री मोदी से रेलवे अधिकार क्षेत्र के हस्तांतरण को रोकने का आग्रह किया

तिरुवनंतपुरम, 24 अगस्त (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रेलवे बोर्ड के उस फैसले को रोकने का आग्रह किया जिसके तहत उडाल समेत मंगलुरु क्षेत्र को दक्षिण रेलवे के पलक्कड मंडल से दक्षिण पश्चिम रेलवे के मैसूरु मंडल में एक अक्टूबर से स्थानांतरित किया जाना है।

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सतीशन ने उनसे “व्यक्तिगत हस्तक्षेप” करने और केरलम सरकार तथा अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के बाद इस फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि केरलम भारतीय रेलवे के संचालन में प्रशासनिक और परिचालन दक्षता की आवश्यकता को पूरी तरह समझता है।

सतीशन ने कहा, “हालांकि, किसी भी क्षेत्राधिकार के पुनर्गठन का फैसला सभी संबंधित क्षेत्रों पर उसके प्रभाव का वस्तुनिष्ठ आकलन करने और यह सुनिश्चित करने के बाद ही किया जाना चाहिए कि इससे किसी राज्य या क्षेत्र में रेलवे के बुनियादी ढांचे या विकास की संभावनाएं कमजोर न हों।”

उन्होंने कहा, “इन परिस्थितियों में, मैं आपसे व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने और दक्षिण रेलवे के पलक्कड मंडल से मंगलुरु क्षेत्र को दक्षिण पश्चिम रेलवे के मैसूरु मंडल में प्रस्तावित स्थानांतरण को रोकने तथा रेल मंत्रालय को केरलम सरकार के साथ उचित विचार-विमर्श के बाद इस फैसले पर पुनर्विचार करने का निर्देश देने का अनुरोध करता हूं।”

रेलवे बोर्ड ने 21 अगस्त को इस फैसले की जानकारी दी थी।

भाषा

राखी नरेश

नरेश